बदायूॅं जनमत। कस्बा उसहैत क्षेत्र के ग्राम खिरिया मधुकर में संविलियन विद्यालय में ‘मेरी माटी मेरा देश’ विषय पर बच्चों की प्रतियोगिता कराई गई। साथ ही बच्चों ने मिट्टी के घड़े सजाकर एवं स्लोगन लिखकर विद्यालय में मिनी रैली निकाली। इसके बाद तिरंगा हाथों में लेकर पूरे गांव में विशाल रैली निकाली। जिसमें विद्यालयी बच्चों के अलावा ग्रामीण भी शामिल रहे। रैली का नेतृत्व शिक्षक संघ के कोषाध्यक्ष योगेश कुमार शाक्य और विद्यालय के प्रधानाध्यापक अंशुल कुमार गुप्ता ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम में अध्यापिका अल्का सागर, अवनीश कुमार, राकेश कुमार और राजबाला शाक्य ने भी सराहनीय सहयोग दिया। इसके अलावा उच्च प्राथमिक विद्यालय बरैनियां, प्राथमिक विद्यालय बरैनियां, संविलियन विद्यालय घसनगला में भी कार्यक्रम आयोजित किए जाने के समाचार मिले हैं। उधर नगर पंचायत कार्यालय उसहैत परिसर में आयोजित ‘मेरी माटी मेरा देश’ विषय पर गोष्ठी में वक्ताओं ने देश भक्ति से जुड़े गीत एवं कविताएं सुनाई और नगर पंचायत अध्यक्ष नबाव हसन ने सभी सभासदों से अपने वार्ड में अभियान मेरी माटी मेरा देश संबंधी कार्यक्रम आयोजित करने की अपील की। इस अवसर पर सभासद अलीजान, अशोक कुमार, नरेश गुप्ता, मुजीब खान, सुरेश चंद्र, आलेहसन आदि मौजूद रहे। 


