बदायूॅं जनमत। पांच दिन पहले अपने बहनोई के घर गए युवक का शव कल देर रात रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला। उसके पिता ने एक महिला और उसके बेटी-दामाद पर हत्या का आरोप लगाया है।
उझानी क्षेत्र में अब्दुल्लागंज निवासी 20 वर्षीय युवक रवि सिंह का शव बृहस्पतिवार देर रात रेलवे ट्रैक किनारे पड़ा मिला। वह पिछले कई दिनों से बसोमा में बहनोई के घर रह रहा था। मृतक के पिता ने मूसाझाग क्षेत्र की निवासी महिला और उसकी बेटी-दामाद के खिलाफ हत्या कर शव रेलवे लाइन पर फेंक देने का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दी। बसोमा गांव के पास रेलवे लाइन पर शव पड़ा होने की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के पास मिले मोबाइल फोन से अब्दुल्लागंज निवासी सत्यपाल को कॉल की तो वह रात में परिजनों के साथ पहुंच गए। उन्होंने शव की शिनाख्त बेटे रवि सिंह के रूप में की।
उन्होंने बताया कि रवि पांच-छह दिनों से बसोमा निवासी अपने बहनोई उदय सिंह के घर पर रह रहा था। रवि को उसकी रिश्ते की मामी फोन किया करती थी। इससे महिला की दोनों बेटियां और दामाद नाराज थे। उक्त लोगों ने ही रवि की हत्या कर शव रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया। मृतक रवि के सिर के अलावा शरीर के हिस्से हिस्से में चोट भी नहीं हैं।
सत्यपाल ने बताया कि महिला के दामाद उसके बेटे को फोन पर धमकाया करते थे। पुलिस ने मृतक की बसोमा निवासी बहन अंजली से भी जानकारी की है। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हादसा लग रहा है। वह रात में किसी ट्रेन की चपेट में आ गया था। पुलिस ने पास्टमार्टम कराने के बाद शव उसके परिजनों को सौंप दिया है। 


