बरेली जनमत। प्रदेश सरकार की महिला सशक्तिकरण नीति को धरातल पर उतारते हुए बरेली पुलिस ने एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। जिले में पहली बार ‘महिला स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी)’ का गठन किया गया है, जो ‘ऑपरेशन शक्ति’ के तहत अपराधियों पर नकेल कसने का काम करेगी।
एसएसपी बरेली के निर्देशन में गठित इस विशेष टीम में पांच महिला पुलिसकर्मियों को चयनित कर पुलिस लाइंस में विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इन्हें आधुनिक हथियारों का संचालन, मार्शल आर्ट, आत्मरक्षा, साइबर क्राइम विश्लेषण, नारकोटिक्स और खुफिया जानकारी एकत्र करने जैसे क्षेत्रों में दक्ष बनाया जा रहा है। टीम के गठन के लिए 25 महिला कांस्टेबलों ने आवेदन किया था, जिनमें से पांच दक्ष महिला पुलिसकर्मियों का चयन किया गया। इनके साथ ही पांच महिला उपनिरीक्षकों ने भी आवेदन किया, जिनमें से एक को टीम के नेतृत्व की जिम्मेदारी सौंपी गई है। महिला एसओजी टीम गौकशी, मादक पदार्थों की तस्करी जैसे अपराधों में संलिप्त महिलाओं पर विशेष निगरानी रखेगी।
“यह टीम जिला पुलिस में नारी सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे अपराध नियंत्रण में सकारात्मक सुधार होगा।” – एसएसपी बरेली 

