सेल्समैन हत्याकांड; आहूजा ग्रुप के MD समेत चार लोगों पर FIR, कड़ी सुरक्षा में हुआ अंतिम संस्कार

अपराध

बदायूॅं जनमत‌। कुंवरगांव थाना क्षेत्र में शराब की दुकान के सेल्समैन मुकेश यादव की हत्या के मामले में मृतक के भाई रामवीर ने चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। जिसमें आहूजा ग्रुप के एमडी समेत दो लोग नामजद और दो अज्ञात हैं। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पूरे मामले की जांच में पुलिस की चार टीमों को लगाया गया है। उधर, पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में बुधवार दोपहर को शव का अंतिम संस्कार कराया गया। एसएसपी ने पीड़ित परिजनों को आरोपियों पर कठोर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
बिनावर थाना क्षेत्र के गांव रंझौरा निवासी मुकेश यादव (35 वर्ष) कुंवरगांव क्षेत्र के गांव दिगुरैया में देसी शराब की दुकान पर सेल्समैन थे। वह मंगलवार रात दुकान बंद करने से पहले कैश गिन रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाश वहां पहुंचे। एक बदमाश ने तमंचा निकालकर मुकेश को दो गोलियां मारी और फरार हो गए। दो गोलियां लगने से मुकेश की मौके पर ही मौत हो गई थी।
मृतक भाई के रामवीर ने दर्ज कराई रिपोर्ट में आरोप लगाया कि मुकेश की हत्या आहूजा ग्रुप के एमडी पंकज खुराना व ज्योति बाबू ने सुपारी देकर हत्या कराई है। उनकी तहरीर पर पुलिस ने पंकज खुराना, ज्योति बाबू व दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी। बुधवार को शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया। शव गांव पहुंचने से पहले ही कुंवरगांव व बिनावर थाने की पुलिस गांव में तैनात कर दी गई। इसी के साथ ही एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह, एसपी देहात केके सरोज भी गांव पहुंच गए। पुलिस अफसरों की मौजूदगी में सेल्समैन मुकेश यादव के शव का अंतिम संस्कार किया गया।   

डीआईजी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण…

बुधवार को आईजी बरेली रेंज अजय साहनी ने एसएसपी डॉ.बृजेश कुमार सिंह के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। मौजूद लोगों से घटना के संबंध में पूछताछ की। थाना प्रभारी को घटना का शीघ्र खुलासा व आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इस मौके पर एसपी सिटी अमित किशोर श्रीवास्तव, एसपी देहात केके सरोज, सीओ सिटी रजनीश कुमार उपाध्याय व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।       

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *