बीमार पत्नी को छोड़ दिल्ली से साली को भगा लाया जीजा, बदायूं पहुंचे साढ़ू ने पुलिस से लगाई गुहार

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। कादरचौक क्षेत्र का रहने वाला युवक अपनी बीमार पत्नी को छोड़कर दिल्ली निवासी साली को भगा लाया। साली भी शादीशुदा है। उसका पति शुक्रवार को दिल्ली से कादरचौक थाने पहुंचा। उसने पुलिस से पत्नी को वापस दिलाए जाने की गुहार गई, लेकिन जीजा के प्यार में दीवानी युवती ने पति के साथ जाने से इंकार कर दिया।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती की शादी दिल्ली निवासी युवक के साथ हुई है। युवती की बड़ी बहन की शादी कादरचौक थाना क्षेत्र के मुहम्मदगंज निवासी टेलर के साथ हुई थी। युवती का टेलर जीजा तीन बच्चों का पिता है। वह खुद एक बच्चे की मां है। टेलर दिल्ली में ही रहकर सिलाई का काम करता है। इसके चलते उसका साली के घर आना जाना रहता था। पिछले कई महीनों से उसकी पत्नी बीमार चल रही है। इस बीच युवती और उसके जीजा के बीच नजदीकियां बढ़ गईं। जब दोनों के बीच प्यार परवान चढ़ा तो साथ रहने का फैसला कर लिया।

जीजा से घंटों बात करती थी युवती…

युवती के पति का आरोप है कि पत्नी उसकी गैर मौजूदगी में जीजा से कॉल पर घंटों बात करती थी। इसका उसे पहले से ही अभास हो गया था, लेकिन परिवार की बदनामी के कारण उसने किसी से कुछ नहीं कहा। उसने कई दफा पत्नी को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आई। पति ने बताया कि वह रविवार को घर पर नहीं था। इसी बीच उसका साढ़ू घर पहुंचा और उसकी पत्नी को बहला फुसलाकर दिल्ली से भगा लाया। वह जब घर पहुंचा तो उसकी पत्नी घर पर नहीं थी। काफी खोजबीन के बाद उसे साढ़ू के साथ पत्नी के जाने की जानकारी हुई।

आरोपी फरार, घर पर मिली पत्नी…

दिल्ली निवासी युवक तलाश करते हुए शुक्रवार को कादरचौक थाने पहुंचा। इसके बाद आरोपी के खिलाफ पुलिस से शिकायत की। शिकायत पर पुलिस ने गांव पहुंचकर आरोपी की तलाश की, लेकिन वह नहीं मिल सका। उसके घर पर पीड़ित युवक की पत्नी मिली। पुलिस ने पीड़ित की पत्नी को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उसने पति के साथ जाने से इंकार कर दिया। इसके बाद पति ने अपने रिश्तेदारों से पत्नी को मनाने की बात कही, लेकिन वह नहीं मानी। इंस्पेक्टर धनंजेय सिंह ने बताया कि इस मामले में लिखित तहरीर नहीं आई है। मामला दिल्ली से जुड़ा है।     

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *