बदायूॅं जनमत। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) दिल्ली से लापता हुए बदायूं के छात्र नजीब के मामले में नया मोड़ आया है। कोर्ट ने सीबीआई द्वारा दायर की गई क्लोजर रिपोर्ट को स्वीकार कर लिया है। इस फैसले के बाद नजीब की मां फातिमा नफीस ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने फेसबुक पर अपना दुख और आक्रोश व्यक्त किया। फातिमा ने कहा कि वे अपने बेटे को न्याय दिलाने के लिए सुप्रीम कोर्ट तक जाएंगी। उन्होंने एक्स पर भी इसी तरह की प्रतिक्रिया साझा की है।
नजीब की मां फातिमा नफीस ने फेसबुक पर लिखा है मेरे नजीब को गायब हुए 9 साल से भी ज़्यादा हो गए हैं। लेकिन जिस लापरवाही के साथ पहले दिन से दिल्ली पुलिस और CBI ने काम किया, उसका ही नतीजा है कि आज कोर्ट ने CBI की क्लोजर रिपोर्ट को स्वीकार कर लिया। आज तक न दिल्ली पुलिस, न CBI, उन ABVP से जुड़े छात्रों को गिरफ़्तार कर पाई, न ही कोई कार्रवाई कर सकी, जिन गुंडों ने मेरे बेटे के साथ मारपीट की और उस के बाद उसे गायब कर दिया। सालों तक मेरे बेटे के बारे में अफवाहें फैलाई गईं, झूठ फैलाया गया। जोकि दिल्ली की उच्च अदालत के आदेश के बाद सभी डिजिटल प्लेटफार्म और सोशल मीडिया प्लेटफार्म से हटाया गया लेकिन सच यही है। इतनी बड़ी जांच एजेंसियां और पूरी न्याय व्यवस्था आज तक यह नहीं बता सकी कि मेरा नजीब कहां है। इस पूरे वक्त में, जब सिस्टम ने हमें चुप कराने की कोशिश की, तब JNU के छात्रों और देशभर के छात्रों ने अलग अलग कॉलेज और यूनिवर्सिटीज़ जैसे AMU, JAMIA से मेरा साथ दिया। उन्हीं बच्चों ने सड़कों पर लाठियां खाईं, हमारे लिए आवाज़ उठाई – यही साथ और यही लड़ाई मुझे हौसला देती है।
कई बार लगता है कि कैसे उम्मीद छोड़ दूँ? कैसे ये हौसला टूटने दूँ? आख़िर वो मेरा बेटा है। मुझे मेरा बेटा चाहिए। अगर इसके लिए मुझे देश की हर अदालत तक जाना पड़े – मैं जाऊंगी। आखिरी सांस तक लड़ूंगी।मैं उम्मीद करती हूँ कि आने वाले दिनों में और लोग भी मेरे साथ जुड़ेंगे। ये लड़ाई सिर्फ मेरे बेटे की नहीं, हर उस माँ की है जो अपने बच्चे के लिए न्याय चाहती है। इसके लिए मुझे देश की सर्वोच्च अदालत जाना पड़ा तो वहा भी जाऊंगी।”। 


