बरेली जनमत। ग्रामीण इलाकों व कस्बों में ड्रोन उड़ने का शोर मच रहा है। इससे ग्रामीणों में कौतहूल के साथ दहशत भी है। फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र के मंडोली गांव से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। गांव निवासी कमल मौर्य के मकान की छत पर सोमवार सुबह ड्रोन पड़ा मिला। उन्होंने बताया कि सुबह उनका बेटा नवनीत मौर्य किसी काम से छत पर गया। उसने छत पर ड्रोन पड़ा देखा। उसके शोर मचाने पर परिवार के लोग पहुंचे तो उनके होश उड़ गए। ड्रोन मिलने की खबर मिलते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। उन्होंने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को बुला लिया। पुलिस ने ड्रोन को कब्जे में ले लिया है। ड्रोन पर मेड इन चाइना लिखा है। ड्रोन किसका है और छत पर कैसे पहुंचा, इसका पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है।
उधर, मंडोली के पड़ोसी गांव फरीदापुर रामचरन में दिनदहाड़े लूट की घटना हुई है। गांव निवासी प्रीति ने बताया कि उसके पति काम पर बाहर गए थे। वह भी घर से बाहर थीं। घर पर उनकी बेटी रूबी बर्तन धो रही थी, तभी तीन चार बदमाश घर में घुस आए। उन्होंने बेटी को बंधक बनाकर लूटपाट की। प्रीति ने बताया कि बदमाश घर में रखी नकदी और जेवर लूटकर ले गए हैं। पुलिस घटना की जांच कर रही है। 
दोनों घटनाओं के संबंध में फतेहगंज पश्चिमी के थाना प्रभारी सुरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि चोरी की घटना संदिग्ध लग रही है। फिर तहरीर लेकर जांच की जा रही है। जल्द खुलासा कर कार्रवाई की जाएगी। वहीं ड्रोन को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। ड्रोन उड़ाने वाले को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।


