बदायूॅं जनमत। उझानी क्षेत्र में दो अलग-अलग घटनाओं में करंट लगने से दो लोगों की मौत हो गई। पहली घटना में ग्राम बसोमा निवासी गौरव सोलंकी का 11 वर्षीय इकलौता पुत्र अंशुमन सोलंकी उर्फ आशू की मौत हुई। अंशुमन अपने दोस्तों के साथ गांव के मंदिर परिसर में खेल रहा था। खेलते समय वह वहां लगे लोहे के जाल को छू बैठा। इस जाल में पहले से करंट दौड़ रहा था। करंट लगते ही अंशुमन मौके पर ही गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई।
परिजनों का कहना है कि मंदिर परिसर में करंट आने की शिकायत ग्रामीणों ने कई बार विद्युत विभाग से की थी। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। दो दिन पहले ग्राम प्रधान के कहने पर एक बार केबल बदली गई थी। लेकिन यह प्रयास नाकाफी रहा और अब मासूम की जान चली गई।
दूसरी घटना में उझानी कस्बे के स्टेशन रोड स्थित सरकारी अस्पताल के पास कृष्ण मोहन स्वीट्स के मालिक सुनील कुमार सक्सेना (52) की मौत हुई। वे रोज़ की तरह सुबह दुकान खोल रहे थे। इसी दौरान दुकान की साइड में लगे लोहे के पाइप से अनजाने में उनका हाथ छू गया। इस पाइप में करंट उतर आया था। करंट लगते ही सुनील पाइप से चिपक गए। पास की दुकानों के कुछ युवकों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया। लेकिन उन्हें भी झटका लगा। बाद में प्लास और कपड़ों की मदद से सुनील को किसी तरह छुड़ाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां डाक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। 


