बदायूं में तेज रफ्तार ऑटो पुलिया से टकराया, मंदिर दर्शन जा रहे बुजुर्ग की मौत

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। मंगलवार को एक तेज रफ्तार ऑटो पुलिया से टकरा गया, जिसमें एक बुजुर्ग की मौत हो गई। वह अपने गांव के मंदिर में दर्शन करने जा रहे थे। हादसा बिल्सी थाना क्षेत्र के वजीरगंज रोड पर सिमर्रा गांव के पास हुआ। मृतक की पहचान नरेश चंद्र शर्मा (60) के रूप में हुई है। वे सिमर्रा भोजपुर गांव के निवासी थे। कुछ साल पहले उन्होंने बिल्सी के अंबियापुर चौराहे के पास अपना मकान बनवाकर वहां रहना शुरू कर दिया था।
नरेश रोजाना अपने गांव के मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना करने जाते थे। मंगलवार को भी वे घर से निकले और ऑटो पर सवार होकर अपने गांव जा रहे थे। परिजनों के अनुसार, ऑटो चालक काफी तेज रफ्तार से वाहन चला रहा था। गांव की पुलिया पर पहुंचते ही ऑटो बेकाबू होकर पुलिया से टकरा गया। इस हादसे में नरेश गंभीर रूप से घायल हो गए। परिवार वाले उन्हें तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां हालत गंभीर देखकर प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया।
परिजन नरेश को राजकीय मेडिकल कॉलेज ले गए। वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मेडिकल कॉलेज की ओर से पुलिस को घटनाक्रम का मेमो भेजा गया। इसके आधार पर पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *