बदायूं में चाकू के हमले से घायल युवक ने तोड़ा दम, परिजनों ने छह सड़का पर किया प्रदर्शन

अपराध

बदायूॅं जनमत‌। शहर के बीच चाकू के हमले में घायल युवक ने बरेली के निजी अस्पताल में इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया। परिजन शव लेकर छह सड़का पहुंचे और हंगामा किया। जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। परिजनों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए। पुलिस के समझाने पर भी परिजन नहीं माने तो पीएसी को बुलानी पड़ी। जिसके बाद परिजन शांत हो गए।
मोहल्ला खंडसारी निवासी बहार हुसैन उर्फ तुर्क दिल्ली में रहकर सिलाई का काम करते थे। एक अगस्त को देर शाम पांच लोगों ने शहर के बीच घंटाघर पर चाकू से उनपर जानलेवा हमला किया था। सीने, पेट, हाथ, पैर आदि सभी जगह चाकू से गोदा था। घायल के बहनोई मुजम्मिल हुसैन ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। घायल बहार हुसैन को जिला अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर घायल को बरेली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां इलाज के दौरान घायल की मौत हो गई। परिजन शव लेकर आए। मोहल्ला खंडसारी के पास छह सड़का पर हंगामा किया।
परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने दो हमलावरों को गिरफ्तार किया है। जिसमें एक पर चाकू दिखाया जबकि दूसरे पर नहीं दिखाया। वहीं पुलिस हमले में शामिल शानू को नहीं पकड़ रही है। वह मीट का बड़ा कारोबारी है। पुलिस उससे मिली हुई है। आरोप लगाया कि वही हमलावर गैंग का सरगना है। इसके अलावा अन्य दो आरोपी तारिक और शहबाजपुर के बाबा की गिरफ्तारी भी जल्द होनी चाहिए। पुलिस ने आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करके सख्त कार्रवाई का आश्वासन देकर मामला शांत कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *