बदायूं में बाढ़ का कहर; खतरे के निशान से ऊपर बह रही गंगा, 17 गांवों में भरा पानी

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। गंगा और रामगंगा में लगातार पानी की बढ़ोतरी से बदायूं जिले में बाढ़ के हालात बन गए हैं। कछला में गंगा खतरे के निशान से 16 सेमी ऊपर बह रही है। बृहस्पतिवार को गंगा का जलस्तर कछला में 162.60 मीटर पर था। जबकि खतरे का निशान 162.44 मीटर है। गंगा में नैरारा डैम से 1,72,128 क्यूसेक पानी के छोड़े जाने के कारण जलस्तर में 16 सेमी की बढ़ोतरी हुई है।
गंगा में बिजनौर डैम से 2,39,513 और हरिद्वार से 1,75,110 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। ऐसे में शुक्रवार को जलस्तर और बढ़ने की उम्मीद है। दातागंज और सहसवान तहसील क्षेत्र के गांवों में बाढ़ का पानी भरना शुरू हो गया। दातागंज तहसील के बेहटी गांव के लोग बृहस्पतिवार दोपहर सुरक्षित स्थानों की ओर जाने लगे थे। इसी तरह सहसवान तहसील के तोफिया नगला गांव में चार फुट तक पानी भर गया। प्रभावित लोगों ने सड़क और पुल पर डेरा डाला है। प्रशासन की ओर से रहने की व्यवस्था के बारे में जानकारी नहीं दी। जबकि गांव में सरसों का तेल, आटा, चावल, नमक और चीनी अधिकारियों की ओर से दी जा रही है।

इन गांवों में भरा हुआ है पानी…

बेहटी, तोफिया नगला, ठकुरी नगला, जटा, कोतल नगला, कमले नगला, भमरौलिया, वीर सहाय नगला, खागी नगला, रैपुरा, वीरसराय नगला, कदम नगला, कमलईयापुर, दलपत नगला, जसवंत नगला, प्रेमी नगला, सिथौली खाम गांवों में पानी भरा हुआ है। बाढ़ चौकियों तक पहुंचना हुआ मुश्किल…

दातागंज से भेड़ा के बीच दियोरी गांव में इन दिनों अधिकारियों की चहल-पहल बढ़ गई है। गांव के पास करीब 200 मीटर सड़क पर पानी भरा है। भेड़ा गांव को जाने वाला मार्ग जलभराव के कारण लोगों से लेकर अधिकारियों तक को आवाजाही में परेशानी हो रही है। जबकि इसी रास्ते में बाढ़ चौकी भी बनाई गई है। वहीं, बरसात का पानी गांव से निकलकर तालाब में जाता था, लेकिन गलत तरीके से गांव में नाले बना दिए जाने के कारण जलभराव की समस्या पैदा हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *