बदायूॅं जनमत। एक युवक का शव घर में फंदे पर लटका मिला। परिजनों को इसकी जानकारी उस वक्त हुई, जब युवक का सात साल का बेटा खेलता हुआ कमरे में पहुंचा। परिजनों के मुताबिक पत्नी से विवाद के चलते युवक ने आत्महत्या की है। हालांकि विवाद की ठोस वजह कोई खुलकर नहीं बता पा रहा है।
घटना बिसौली कोतवाली इलाके की है। यहां के फिरोजपुर गांव निवासी सूरजपाल का बेटा वीरबाबू (30) खेती किसानी व मजदूरी करता था। बताया जाता है कि कल दोपहर उसका पत्नी गुड्डी से किसी बात पर विवाद हो गया। दोनों के बीच जमकर कहासुनी हुई। परिवार के अन्य सदस्यों ने हस्तक्षेप कर किसी तरह मामला सुलटाया, लेकिन वीरबाबू इसके बाद खामोश होकर अपने कमरे में चला गया। वहीं पत्नी घरेलू काम में लग गई। परिवार के अन्य सदस्य भी अपने कामों में लगे थे। शाम तक वीरबाबू कमरे से बाहर नहीं आया, वहीं परिजनों को लगा कि वो सो गया होगा। जबकि शाम के वक्त उसका नौ साल का बेटा निमिष वहां खेलता हुआ पहुंचा तो देखा कि कमरे में वीरबाबू का शव फंदे पर लटका हुआ है। यह देख निमिष की चीख निकल गई। परिजन भी वहां आ पहुंचे और रोना-चिल्लाना शुरू कर दिया।
शोर सुनकर आसपास इलाके के लोग पहुंचे और शव को नीचे उतारने के साथ ही पुलिस को मामले की जानकारी दी। इधर, कुछ लोगों का कहना था कि वीरबाबू मछली खाने का शौकीन था और दोपहर में वो मछली ले आया था, जबकि पत्नी ने इसका विरोध किया था। वहीं कुछ लोगों का कहना है कि छोटी-मोटी बात पर झगड़ा हो गया था। मछली लाने जैसी कोई बात नहीं है। भाई ने बताया कि वो पत्नी की कलह से तंग था और इसी कारण आत्महत्या कर ली। परिवार में एक बेटी व एक बेटा है। शादी को भी लगभग 12 साल हुए हैं। भाई सत्यप्रकाश ने यह भी बताया कि घटना के वक्त वह अपनी पत्नी को दवा दिलाने गया था।
इधर, घटना के बाद से युवक की पत्नी कहीं चली गई। परिवार वाले उसकी तलाश कर रहे हैं। दोनों बच्चे यहीं पर हैं, लेकिन पत्नी का कोई पता नहीं लग सका है। परिजनों का कहना है कि इस मामले में भी पुलिस को तहरीर शव के अंतिम संस्कार के बाद देंगे। फिलहाल अपने स्तर से तलाश कर रहे हैं।

