बदायूॅं जनमत। पत्नी के रील बनाने से परेशान युवक ने जान दे दी। युवक दिल्ली में काम करता था, पत्नी गांव में रहकर रील बनाती थी। महिला ने सोमवार को दूसरे लड़के के साथ एक रील बनाई। इससे परेशान होकर पति मंगलवार को गांव लौटा। रात में पति ने उसे समझाया। इस बीच पति-पत्नी में झगड़ा हुआ। बुधवार सुबह पत्नी घर छोड़कर भाग गई। युवक और उसके परिजन उसे दिनभर खोजते रहे। शाम को पति ने घर में फंदे से लटक कर जान दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव को फंदे से उतारकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
घटना इस्लामनगर के काजी टोला नई बस्ती का है। सुनील (33) पुत्र जगदी की शादी 10 साल पहले वजीरगंज की लक्ष्मी के साथ हुई थी। सुनील राजमिस्त्री का काम करता है और दिल्ली में रहता था। लक्ष्मी तीन बच्चों छवि (5), लबू (4) और बेटा लव (3) के साथ गांव में रहती थी। लक्ष्मी ने इंस्टाग्राम पर सुनील के नाम पर एक आईडी बनाई थी। उसमें अपने वीडियो पोस्ट करती थी। अभी तक अकाउंट पर 352 पोस्ट किए गए हैं। इसमें वह कभी सुनील के साथ तो कभी बच्चों के साथ दिखाई देती थी। कुछ दिन तक सब ठीक चला। पिछले कुछ दिन से लक्ष्मी के साथ रील में एक लड़का दिखाई देने लगा था। वीडियो जब घर वालों ने देखे तो सुनील से इसकी शिकायत कर दी। सुनील ने फोन पर लक्ष्मी को काफी समझाया, जब वह नहीं मानी तो मंगलवार को वह काम छोड़कर दिल्ली से रात करीब 10 बजे गांव आ गया। आने के बाद देर रात तक कई बार पर उन दोनों का झगड़ा हुआ। सुबह लक्ष्मी उठकर बिना बताए कहीं चली गई।
सुनील के साथ घर वाले और गांव के लोग उसकी तलाश करते रहे, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। उसका फोन भी ऑफ था। बेइज्जती से परेशान सुनील घर आ गया और फंदे पर लटक कर जान दे दी। छोटे भाई दीपक ने सुनील का शव फंदे पर लटका देखा। उसने शोर मचाकर घर और गांव के लोगों को बुलाया। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से सबूत जुटाए।
एसएचओ नरेश कुमार ने बताया कि फिलहाल इस मामले से जुड़ी तहरीर नहीं मिली है। युवक का शव लटका होने की सूचना मिली थी, जिस पर पुलिस मौके पर गई थी और पोस्टमार्टम करवाया गया है। आगे की कार्रवाई परिजनों की तहरीर के आधार पर की जाएगी। 

