बदायूॅं जनमत। उसहैत कस्बे में शुक्रवार सुबह नवविवाहिता शोबी (19) की मौत हो गई। उसकी शादी सात माह पहले वार्ड नंबर 4 निवासी अयान से हुई थी। मायका पक्ष ने आरोप लगाया कि बृहस्पतिवार रात अयान ने शोबी को पीटा था, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई थी।
घटना की जानकारी अयान ने शोबी की बड़ी बहन रूबी को दी। जानकारी होने पर मायके के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और उसे एक निजी अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर बताते हुए बरेली रेफर कर दिया। इलाज के दौरान शुक्रवार की सुबह उसकी मौत हो गई। सूचना पर थाना प्रभारी विक्रम सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे और जांच पड़ताल की। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। मृतका के पिता रियासत ने दामाद अयान और उसके परिवार पर पीटकर हत्या का आरोप लगाया है।
उन्होंने कहा कि उनकी बेटी को लगातार प्रताड़ित किया जाता था। उन्होंने अयान, उसकी मां व बहन के खिलाफ थाने में नामजद तहरीर दी है। थाना प्रभारी का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट व तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।


