बदायूॅं जनमत। खेत पर घास लेने गई किशोरी को गांव के ही युवक ने खेत में खींच लिया। नशीला पदार्थ खिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। बेहोशी की हालत में किशोरी को खेत में छोड़कर युवक भाग गया। किशोरी के पिता ने आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
उघैती थाना क्षेत्र के एक गांव में किशोरी के पिता ने थाना पुलिस को तहरीर देकर बताया है कि मंगलवार शाम को 16 वर्षीय बेटी पशुओं को चारा लेने खेत पर गई थी। वहां गांव के ही युवक ने उसको पकड़ लिया और बाजरे के खेत में ले जाकर कुछ नशीला पदार्थ खिलाने के बाद दुष्कर्म किया। जब बेटी की हालत बिगड़ी तो युवक जान से मारने की धमकी देता हुआ भाग गया। इधर, बेटी घर नहीं पहुंची तो परिजन खेत पर पहुंचे, जहां वह बेहोशी की हालत में मिली। बेटी को लेकर परिवार के लोग घर पहुंचे। बेटी ने पूरी घटना परिजनों को बताई। इसके बाद बुधवार सुबह तहरीर दी। इंस्पेक्टर उघैती अवधेश कुमार ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।

