बदायूॅं जनमत। जहरीला पदार्थ खाने के बाद एक युवक की निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
अलापुर थाना क्षेत्र के उनौला गांव निवासी अवधेश (40) पुत्र कृष्णपाल की बुधवार, 17 सितंबर की शाम अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिवार के लोग उसे बदायूं शहर के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने बताया कि अवधेश ने जहरीला पदार्थ खाया है। अवधेश के पिता कृष्णपाल का आरोप है कि अस्पताल में 15,000 रुपये जमा कराने के बाद ही इलाज शुरू किया गया। हालांकि, इलाज के दौरान शुक्रवार सुबह अवधेश की मौत हो गई। कृष्णपाल ने अस्पताल पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
कृष्णपाल ने बताया कि अवधेश की पत्नी का निधन एक साल पहले हो चुका है। अब उसके चार बच्चों, जिनमें तीन बेटियां और एक बेटा शामिल हैं, की परवरिश की जिम्मेदारी परिवार के सामने एक बड़ी चिंता बन गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

