बदायूॅं जनमत। जिले में एक ओर दहेज के खिलाफ रैली निकाली गई तो दूसरी तरह दहेज लोभियों ने निकाह से दो घंटे पहले बारात लाने से इंकार कर दिया। दूल्हे के पिता ने अचानक फोन करके 6 लाख रुपए और बुलेट बाइक की डिमांड कर दी। लड़की के पिता ने मिन्नतें कीं और अचानक इतने रुपए इकट्ठा न कर पाने की मजबूरी जताई। लेकिन, लड़के के पिता ने फोन कट कर दिया। मैरिज लॉन को शादी के लिए सजाया जा चुका था। सभी रिश्तेदार और जानने वाले पहुंच गए थे। सभी के लिए खाने की व्यवस्था भी हो गई थी। दुल्हन पॉर्लर से तैयार होकर पहुंची तो पता चला कि बारात नहीं आनी है। लड़के पक्ष के इस फैसले से शादी की तैयारियां धरी रह गईं। मेहमान उदास हो गए, तो दुल्हन के आंसू नहीं रुक रहे।
सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मोहल्ला मीरा सराय के रहने वाले गुड्डू मजदूर हैं। परिवार में पत्नी के अलावा 5 बेटे और 3 बेटियां हैं। बेटों में सबसे बड़ा मुमताज, आफताब, नन्हा, अरबाज और अली हैं। 2 बेटियों शीबा और नजमा का निकाह हो चुका है। सबसे छोटी बेटी भूरी का शनिवार को निकाह होना था। गुड्डू ने बताया 2 महीने पहले बेटी की शादी उझानी कस्बा में रहने वाले अंसार के बेटे इलियास से तय की थी। इलियास टेलर है। आज बारात आनी थी। इसके लिए एक मैरिज लॉन बुक किया था। बारात के स्वागत के लिए सजावट होने लगी। मेहमान भी एक दिन पहले आ चुके थे और सुबह से ही मैरिज लॉन पहुंच गए थे। हलवाई समेत टेंट वाले अपना काम कर रहे थे। स्टेज भी सज चुका था। केवल उस पर कुर्सियां पड़ना बाकी रह गया था। हॉल की सफाई हो रही थी। इसके बाद यहां कुर्सियां डालकर मेहमानों को बैठाने की तैयारी चल रही थी। इंतजार रह गया था, तो केवल बारात पहुंचने का। लेकिन, ऐन वक्त पर लड़के वालों ने शादी तोड़ दी।
6 लाख कैश और बुलेट बाइक की थी डिमांड…
गुड्डू ने लड़के के पिता को कॉल किया और पूछा कि बारात कब तक आएगी? इस पर उन्होंने कह दिया कि 6 लाख कैश और बुलेट चाहिए। अगर इतना इंतजाम हो जाए तो ही बारात आएगी, वरना नहीं आएंगे। गुड्डू ने जब कहा कि इतने रुपए नहीं हैं। अचानक इंतजाम कैसे हो सकता है, तो उन्होंने निकाह कराने इनकार कर दिया। गुड्डू उनसे मिन्नतें करते रहे कि अचानक से इतना इंतजाम करना बस की बात नहीं। बारात ले आइए, आगे जो भी हो सकेगा, किया जाएगा। लेकिन, लड़के का पिता कुछ सुनने को तैयार नहीं हुआ और फोन काट दिया।
लड़की के पिता ने बताया कि दो लाख रुपए कैश और दावत पर शादी तय हुई थी। कैश पहले ही लड़के वालों तक पहुंचा दिया है। आज दावत के बाद विदाई होनी थी, लेकिन ऐन वक्त पर शादी तोड़ दी गई। अगर शादी नहीं करनी थी, तो पहले ही बता देते। अचानक से इतनी लंबी डिमांड कैसे पूरी की जा सकती है? हम रोज कमाने-खाने वाले लोग हैं। सबसे छोटी बेटी है। इसलिए जितना भी हो सका, सब कुछ किया था। इसके बाद भी ऐन मौके पर हमारे साथ ऐसा किया है। अभी पुलिस से शिकायत नहीं की है।
एसएचओ सिविल लाइंस मनोज कुमार ने बताया ऐसे किसी मामले की जानकारी नहीं है। न ही किसी ने सूचना दी है। अगर शिकायत मिलती है, तो केस दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।

