बदायूं में खाद्य सुरक्षा टीम ने की छापामारी; उझानी और बदायूं से चार नमूने लेकर जांच को भेजे

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। प्रदेश आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशसन एवं डीएम के आदेश के क्रम में सहायक आयुक्त (खाद्य) सीएल यादव व मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के नेतृत्व में दीपावली, गोवर्धन पूजा एवं भाईदूज पर्व के दृष्टिगत आम जनमानस को सुरक्षित एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थों की उपलब्धता के लिए जनपद में मिलावटी खाद्य एवं पेय पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी रोकथाम के लिए चलाये जाने वाले अभियान के क्रम में आज सोमवार को जनपद के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से विशेष छापामारी की गई। अभियान के दौरान विभिन्न खाद्य परिसरों से चार खाद्य पदार्थों के नमूनों वास्ते जांच लिए गए। साथ ही आमजनमानस को खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया गया।
छापामारी के दौरान उझानी स्थित गुरू नानक ऑयल मिल से एक सरसों तेल का नमूना तथा शेष लगभग 200 किग्रा सरसों तेल को सीज किया गया। वहीं शहर के गोपी चौक स्थित राजू के प्रतिष्ठान से एक मूंग की दाल का नमूना लिया गया। आवास विकास स्थित शंकर किराना स्टोर से एक सरसों तेल का नमूना लिया गया। उझानी स्थित संध्या किराना स्टोर से एक हल्दी पाउडर का नमूना तथा 30 किग्रा हल्दी पाउडर सीज किया गया।
संग्रहित किए गए चारों नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरान्त खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के अन्तर्गत अग्रिम विधिक कार्यवाही की जाएगी। निरीक्षण के दौरान समस्त खाद्य कारोबारकर्ताओं को खाद्य पदार्थों को ढककर रखने, दुकानों में साफ-सफाई रखने, शुद्ध एवं गुणवत्ता पूर्वक खाद्य पदार्थों को बेंचने, बिना लाइसेंस के खाद्य कारोबार नहीं संचालित करने के कड़े निर्देश दिए गए।
टीम में सहायक आयुक्त (खाद्य) सीएल यादव, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी आरपी सिंह एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारीगण माता शंकर बिन्द, प्रिया त्रिपाठी, करन सिंह एवं प्रमोद कुमार आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *