बदायूं में शाम को खाना खाकर घर से निकला युवक, सुबह पेड़ पर फंदे से लटका मिला शव

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। इस्लामनगर थाना क्षेत्र के गांव चमरपुरा निवासी सचिन (19 वर्ष) पुत्र चंद्रपाल का शव बृहस्पतिवार की सुबह नौ बजे गांव के बाहर पेड़ पर फंदे से लटका मिला। वह बुधवार शाम को खाना खाने के बाद घर से गया था और लौट कर नहीं आया। परिवार के लोग उसकी तलाश कर रहे थे। भाई लक्ष्मण तलाश करते हुए खेतों की ओर गया तो उसका शव पेड़ से लटका देखा तो परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। तमाम लोग मौके पर पहुंच गए। भाई ने थाना पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद इंस्पेक्टर नरेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।
मृतक के भाई चमन ने बताया कि गांव में सचिन की किसी से दुश्मनी नहीं है। वह अक्सर दूध की गाड़ी के साथ चला जाता था, तो परिवार के लोगों ने इस पर इतना ध्यान नहीं दिया। बृहस्पतिवार को गाड़ी के चालक से जानकारी ली तो उसने बताया कि वह मेरे साथ नहीं गया। इसके बाद परिवार के लोगों को चिंता हुई और तलाश शुरू की। भाई लक्ष्मण खेत पर पहुंचा तो शव देखकर होश उड़ गए। सूचना मिलते ही परिवार समेत गांव के तमाम लोग मौके पर पहुंच गए। चमन का कहना है कि अगर रिपोर्ट में जो भी आएगा उसके आधार पर तहरीर देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *