बदायूॅं जनमत। बदायूं पुलिस ने संभल जनपद के बहजोई कस्बा क्षेत्र के सर्राफा बाजार में छापेमारी कर एक सर्राफा व्यापारी को हिरासत में लिया है। यह कार्रवाई 12 दिन पहले एक किन्नर के यहां हुई डकैती के मामले में की गई है।
जनपद के फैजगंज बेहटा थाने की पुलिस दो गाड़ियों में दर्जनभर कर्मियों के साथ बहजोई पहुंची। पुलिस ने सर्राफा बाजार में एक दुकान पर अचानक छापा मारा और व्यापारी को हिरासत में लेकर तुरंत वहां से निकल गई। पुलिस की कार्रवाई इतनी तेज थी कि स्थानीय व्यापारी कुछ समझ पाते, उससे पहले ही पुलिस जा चुकी थी। बताया गया है कि पांच दिन पहले भी पुलिस ने इसी व्यापारी के यहां छापेमारी की थी, लेकिन तब कोई नहीं मिला था। फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र में 12 दिन पहले एक किन्नर के यहां डकैती हुई थी। इस मामले में पुलिस ने नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पुलिस एक आरोपी को अपने साथ लेकर आई थी, जिसने इशारे से सर्राफा व्यापारी की संलिप्तता बताई। इसी आधार पर पुलिस ने व्यापारी को हिरासत में लिया है।
थाना बहजोई के कोतवाल संत कुमार ने बताया कि उन्हें सिर्फ इतनी जानकारी है कि फैजगंज बेहटा पुलिस ने किसी मामले को लेकर यह छापेमारी की है। उन्होंने बताया कि बदायूं पुलिस ने लूट की घटना के संबंध में कई लोगों को गिरफ्तार किया है और आज उनके थाना क्षेत्र में आकर सर्राफा व्यापारी को अपने साथ ले गई।

