बदायूं सपा में बड़ा फेरबदल; जिलाध्यक्ष छोड़ सभी पदाधिकारी हटाए गए, गुटबाजी बनी वजह

राजनीति

बदायूॅं जनमत‌। जिले की समाजवादी पार्टी में बड़ा फेरबदल हुआ है। शुक्रवार को प्रदेशाध्यक्ष श्यामलाल पाल के निर्देश पर जिलाध्यक्ष को छोड़कर जिला कमेटी के सभी पदाधिकारी, सदस्य और फ्रंटल संगठनों के जिलाध्यक्षों को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है। सभी फ्रंटल संगठन भी भंग किए गए हैं।
इस कार्रवाई की वजह पार्टी में चल रही गुटबाजी बताई जा रही है। जिले में समाजवादी पार्टी कई गुटों में बंटे होने की बात सामने आई थी, जो प्रदेशाध्यक्ष के पिछले दौरे पर भी देखने को मिली थी। जिले में सपा की जिला कार्यकारिणी के अलावा 16 फ्रंटल संगठन हैं। इनमें सपा युवजन सभा, समाजवादी छात्रसभा, महिला मोर्चा, लोहिया वाहिनी, मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड, शिक्षक सभा, सांस्कृतिक प्रकोष्ठ, बाबा साहेब वाहिनी और मजदूर सभा जैसे संगठन शामिल हैं।श्यामलाल पाल के लैटर हेड के अनुसार, बदायूं के जिलाध्यक्ष आशीष यादव को छोड़कर जिला कमेटी के पदाधिकारी, सदस्य, फ्रंटल संगठनों के जिलाध्यक्ष व पदाधिकारी समेत बदायूं सपा राज्य कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारी और सदस्यों को हटाया गया है। इस संबंध में जिलाध्यक्ष आशीष यादव ने बताया कि वे फिलहाल जिले से बाहर हैं और उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *