बदायूॅं जनमत। उझानी स्थित उर्मिला सिंह हायर सेकेंडरी स्कूल संजरपुर बालजीत में सामाजिक वानिकी प्रभाग, जिला गंगा समिति के तत्वावधान में “राष्ट्रीय एकता दिवस” के अवसर पर विविध कार्यक्रमों का भव्य आयोजन होपयूनिटी हेल्पिंग वेलफेयर फाउंडेशन एवं महिला कल्याण विभाग के सहयोग से कराया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभागीय निदेशक निधि चौहान ने मां गंगा के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया। डीएफओ निधि चौहान ने विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं उपस्थित लोगों को एकता और अखंडता बनाए रखने की शपथ दिलाई। साथ ही विद्यालय प्रांगण में वृक्षारोपण भी किया।
इस अवसर पर रंगोली प्रतियोगिता, राष्ट्रीय एकता पर सेमिनार तथा स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण पर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी सृजनात्मक प्रतिभा का परिचय दिया। कार्यक्रम में लगभग 50 छात्र-छात्राओं को प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी प्रभाग द्वारा प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। रंगोली प्रतियोगिता का मूल्यांकन डीएफओ सामाजिक वानिकी प्रभाग निधि चौहान, डीपीओ नमामि गंगे अनुज प्रताप सिंह, डॉ. कृष्णा सिंह, डायरेक्टर होप यूनिटी हेल्पिंग वेलफेयर फाउंडेशन, कुसुम लता, सदस्य छवि वैश्य, जिला समन्वयक मिशन शक्ति, महिला कल्याण विभाग द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। विद्यालय की ओर से प्रबंधक आशुतोष तोमर ने अतिथियों का स्वागत करते हुए बच्चों को सरदार पटेल के आदर्शों पर चलने और देश की एकता-अखंडता बनाए रखने का संदेश दिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में अतुल कुमार सिंह, शिवानी सोलंकी, संध्या तोमर, रवि तोमर, हर्ष तोमर, गौरव तोमर, राजन प्रजापति, संजीत संचित सक्सेना, पूजा आदि का सराहनीय योगदान रहा।

