बदायूं में तेज रफ्तार डीसीएम आगे चल रहे ट्रक से टकराई; हादसे में ड्राइवर की मौत, क्लीनर घायल

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। मेरठ हाइवे पर शुक्रवार देर रात एक सड़क हादसे में डीसीएम ड्राइवर की मौत हो गई, जबकि क्लीनर घायल हो गया। तेज रफ्तार डीसीएम आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई थी।
हादसा सहसवान कोतवाली क्षेत्र में चौकी नंबर 4 के पास भारत पेट्रोल पंप के निकट हुआ। गुन्नौर की ओर से आ रही डीसीएम पेट्रोल पंप की ओर मुड़ रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। मृतक ड्राइवर की पहचान एटा जिले के सुराया निवासी शमसुद्दीन पुत्र लियाकत के रूप में हुई है। घायल क्लीनर जुबैद पुत्र अकरम फिरोजाबाद के आजाद नगर रामगढ़ का रहने वाला है।
जानकारी के अनुसार, ड्राइवर को झपकी आने के कारण यह हादसा हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि डीसीएम के केबिन के परखच्चे उड़ गए। पेट्रोल पंप पर मौजूद लोगों ने हादसे की आवाज सुनकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को सीएचसी सहसवान पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने शमसुद्दीन को मृत घोषित कर दिया। जुबैद का इलाज जारी है।
हादसे के कारण सड़क पर जाम लग गया था। पुलिस ने क्रेन मंगवाकर क्षतिग्रस्त डीसीएम को सड़क से हटवाया और यातायात सामान्य कराया। एसएचओ धनंजय सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों को हादसे की जानकारी दे दी गई है। शव पोस्टमार्टम को भेजा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *