बदायूॅं जनमत। बिनावर थाना क्षेत्र के गांव मोहम्मदी में रविवार सुबह तालाब किनारे युवक का शव पड़ा मिला। मृतक की पहचान इस्ताक अहमद (38 वर्ष) पुत्र शकील निवासी मोहम्मदी के रूप में हुई है, जो पिछले तीन दिनों से लापता था। परिजन और ग्रामीण उसकी लगातार खोज कर रहे थे।
ग्रामीणों ने तालाब किनारे युवक का शव देखा तो गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया। परिजनों ने बताया कि इस्ताक बिना बताए घर से निकल गया था और लौटकर नहीं आया। थक-हारकर परिजन और ग्रामीण उसकी तलाश में जुटे थे, लेकिन रविवार को उसकी मौत की खबर ने सभी को स्तब्ध कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर थाना बिनावर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। हत्या और आत्महत्या समेत सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है।
पुलिस ग्रामीणों और परिवारजनों से घटना से जुड़ी जानकारी कर रही है। साथ ही मृतक के मोबाइल और हाल की गतिविधियों की भी पड़ताल की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक स्थिति सामने आएगी।

