बदायूॅं जनमत। महिला ने पड़ोसी दुकानदार को घर में बुलाकर उसका अश्लील वीडियो बना लिया। अब महिला पड़ोसी दुकानदार को ब्लैकमेल करते हुए दस लाख रुपये मांग रही है। आरोप है कि महिला के पिता व भाइयों ने पीड़ित दुकानदार को चार दिन घर में बंधक बनाकर रखा। रुपये देने का वायदा कर वह उसके चंगुल से छूटा और दिल्ली चला गया। लौटने पर महिला ने दुष्कर्म सहित अन्य धारा में उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी। जांच में मामला झूठा निकला। वहीं एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने महिला समेत छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
मामला उसावां थाना क्षेत्र का है। पीड़ित ने बताया कि उसके पड़ोस में रहने वाले व्यक्ति की पत्नी उसे छोड़कर चली गई। दूसरी ने आत्महत्या कर ली। इसके बाद उस व्यक्ति ने तीसरी शादी एक अन्य महिला से कर ली। जून 2021 में पड़ोसी की मौत हो गई। घर से 100 मीटर की दूरी पर पीड़ित की परचून की दुकान थी, जिस पर महिला दैनिक उपयोग का सामान लेने आती थी। पड़ोसी होने के नाते वह उसे चाची कहकर बुलाता था। उसको उधार में भी सामान दे दिया करता था। दुकान का काफी पैसा उधार हो जाने पर उसने अपने पैसे मांगे। उधार में सामान देने से मना कर दिया। आरोप है कि नवंबर 2021 में एक दिन शाम को महिला ने फोन पर कुछ सामान नोट कराया। कहा कि यह सामान लेकर घर आ जाओ। पिछले रुपये के साथ यह रुपये भी ले जाना। दुकान बंद करने के बाद वह सामान लेकर घर पहुंचा और चाची कहते हुए आवाज दी। उसने बाथरूम के अंदर से कहा कि कमरे में बैठो, मैं नहाकर आती हूं। कुछ देर बाद वह कमरे में आई और उसके सामने ही कपड़े बदलने लगी। इसी दौरान महिला ने अश्लील वीडियो बना लिया।
बंधक बनाकर महिला ने 10 लाख मांगे…
महिला वीडियो को आधार बनाकर उसका आर्थिक व शारीरिक शोषण करने लगी। विरोध करने पर महिला के पिता, उसके दो भाई और उसके मौसा व अन्य उसको दुकान से पकड़कर घर ले गए और चार दिन तक बंधक बनाकर रखा। दस लाख रुपये की मांग की। वह जैसे-तैसे रुपये देने की बात कहकर वहां निकला और दिल्ली चला गया। लौटकर आया तो पता लगा कि उसके खिलाफ महिला ने मुकदमा दर्ज करा दिया है। बाद में मुकदमा खत्म हुआ। अब एसएसपी के आदेश पर ब्लैकमेल करने वाली महिला समेत छह लोगों के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज विवेचना शुरू कर दी है।

