बदायूं में बोरिंग से डीजल निकलने का शोर, डीजल की गंध और आग भी लगी, जांच शुरू

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। फैजगंज बेहटा क्षेत्र में एक साधारण समरसेबल बोरिंग से डीजल निकलने का शोर मच उठा। इस घटना ने पूरे गांव में सनसनी फैला दी है और देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा हो गई।
मामला क्षेत्र के खेड़ादास गांव निवासी अतुल ठाकुर के घर का है, जहां पेयजल के लिए बोरिंग कराई जा रही थी। शुरुआत में पानी की मात्रा कम मिलने पर बोरिंग को और गहरा किया गया। लगभग 70 से 80 फीट की गहराई के बाद अचानक एक ऐसा तरल निकलने लगा, जिसकी गंध डीजल जैसी बताई जा रही है।
अतुल ठाकुर के अनुसार, निकलने वाले तरल में न केवल तेज गंध है बल्कि उसमें झाग भी बन रहा है। यह स्थिति देखकर ग्रामीण हैरान हैं और इसे लेकर अलग-अलग तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। फिलहाल किसी विशेषज्ञ जांच के बिना इसके स्रोत और प्रकृति की पुष्टि नहीं हो सकी है। घटना की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। लोग बोरिंग से निकल रहे तरल को देखने लगे। कई लोगों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जिसके बाद यह मामला तेजी से वायरल हो गया और पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया।
मामले की जानकारी बिसौली के उपजिलाधिकारी साईं आश्रित साखमुरी तक पहुंची। उन्होंने कहा कि यह मामला उनके संज्ञान में अभी-अभी आया है और इसकी जांच के लिए टीम भेजी जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *