बदायूं में 92 साल के बुजुर्ग ने गोली मारकर की आत्महत्या; बीमारी और अकेलेपन से थे परेशान

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। शनिवार को तड़के करीब चार बजे 92 वर्षीय बुजुर्ग विद्यासागर रस्तोगी ने अवैध तमंचे से खुद को गोली मार ली, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पड़ोसियों के मुताबिक विद्यासागर गंभीर बीमारी से पीड़ित थे, जिससे परेशान रहते थे। जानकारी मिलने पर सीओ बिसौली सुनील सिंह व इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
वज़ीरगंज थाना क्षेत्र के कस्बा सैदपुर के मोहल्ला महेश चौक निवासी विद्यासागर रस्तोगी (92) लंबे समय से गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। परिजनों और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, बीमारी के कारण वह अत्याधिक तनाव और शारीरिक कष्ट में थे। विद्यासागर रस्तोगी के चार पुत्र थे, जिनमें से दो का पूर्व में ही निधन हो चुका है। वर्तमान में उनके दो पुत्र शहर से बाहर रहते हैं। विद्यासागर घर में अकेले ही रहते थे।
बड़ा बेटा बृजकिशोर रस्तोगी दिल्ली में, छोटा बेटा नंदकिशोर रस्तोगी बरेली रहता है। घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए और शव को कब्जे में लेकर आगे की विधिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। उनके बेटों को घटना की सूचना दे दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *