बदायूॅं जनमत। जिले से एक बार फिर इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। दानपुर गांव में सड़क किनारे एक गेहूं के खेत से नवजात शिशु का शव मिला है, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
जरीफनगर थाना क्षेत्र में शनिवार को जब ग्रामीण खेत की ओर जा रहे थे, तो उनकी नजर एक काली पॉलीथिन पर पड़ी। उसे खोलने पर अंदर एक नवजात शिशु लिपटा हुआ मिला। यह दृश्य देखकर ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही जरीफनगर थाना प्रभारी सुमित शर्मा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने नवजात के शव को कब्जे में लेकर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद शिशु को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए गहनता से जांच की जा रही है ताकि नवजात को फेंकने वाले व्यक्ति का पता लगाया जा सके।

