बदायूॅं जनमत। एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया है।
बिसौली कोतवाली क्षेत्र के गांव कमालपुर निवासी जगपाल ने अपनी 24 वर्षीय बेटी पुष्पा की शादी लगभग छह साल पहले उघैती थाना क्षेत्र के गन्दरौली गांव निवासी रामबाबू पुत्र जयवीर से की थी। शादी के बाद से पुष्पा को कोई संतान नहीं हुई।
परिजनों के अनुसार, पुष्पा के पति और ससुराल वाले उनसे 5 लाख रुपये और एक बुलेट मोटरसाइकिल की मांग कर रहे थे। मायके वाले यह मांग पूरी करने में असमर्थ थे। आरोप है कि इसी वजह से ससुराल वालों ने पुष्पा को जहरीला पदार्थ खिलाकर मार डाला। मायके वालों को सूचना मिलने पर वे मौके पर पहुंचे और दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए पति रामबाबू को पुलिस के हवाले कर दिया।
बताया जा रहा है कि पुष्पा चार माह की गर्भवती भी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

