बिहार की घटना देश की हर महिला के सम्मान पर हमला है : हाफ़िज़ इरफान

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। सहसवान निवासी पूर्व जिला पंचायत सदस्य हाफ़िज़ इरफ़ान ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा 15 दिसंबर को पटना में आयोजित एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान एक मुस्लिम महिला आयुष डॉक्टर का हिजाब (नकाब) जबरन खींचने की घटना की कड़ी निंदा की है।
हाफ़िज़ इरफ़ान ने प्रेसवार्ता कर कहा कि वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि मुख्यमंत्री द्वारा महिला की गरिमा और धार्मिक स्वतंत्रता का सार्वजनिक रूप से उल्लंघन किया गया। यह कृत्य भारतीय संविधान के अनुच्छेद 14, 15, 21 और 25 का स्पष्ट उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि यह घटना देश की हर महिला के सम्मान पर हमला है। किसी भी महिला के पहनावे या धार्मिक पहचान के साथ इस तरह का व्यवहार अस्वीकार्य है, चाहे वह व्यक्ति कितना ही बड़ा पदाधिकारी क्यों न हो।
हाफ़िज़ इरफ़ान ने राष्ट्रीय महिला आयोग और बिहार राज्य महिला आयोग से इस मामले में तत्काल संज्ञान लेने, निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री से पीड़ित महिला और देश की जनता से सार्वजनिक माफी की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *