बदायूं में घर के बाहर पड़ा मिला युवक का शव; जमीन विवाद में चाकू से गोदकर हत्या, परिवार के 5 नामजद

अपराध

बदायूॅं जनमत‌। बृहस्पतिवार की सुबह घर के बाहर पेड़ के नीचे एक युवक का शव पड़ा मिला। खून से लथपथ शव देखकर परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल करने के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पिता ने परिवार के ही पांच लोगों पर जमीन के विवाद में चाकू से गोदकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अलापुर थाना क्षेत्र के गांव दारानगर निवासी रामपाल सिंह ने बताया कि परिवार के लोगों से उनका जमीन का विवाद चल रहा है। बुधवार रात करीब 11 बजे उसके बेटे मोनू (35 वर्ष) के पास किसी ने कॉल किया। इसके बाद वह बाइक लेकर घर से चला गया। काफी समय तक वह नहीं लौटा तो परिवार के लोगों ने कॉल किया। मोनू ने बताया कि वह कुछ देर बाद आ जाएगा। इसके बाद परिवार के लोग सो गए। सुबह करीब पांच बजे उठे। घर के बाहर गए तो देखा कि मोनू की बाइक पड़ी है और पास में ही मोनू का शव पड़ा हुआ है। यह देख परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
थाना पुलिस को सूचना दी गई। जिस पर इंस्पेक्टर उदयवीर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। छानबीन करने के बाद अधिकारियों को घटना से अवगत कराया। सीओ केके तिवारी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जांच के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया। एसएसपी बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण साफ हो सकेगा। जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *