बदायूॅं जनमत। एक सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई। एमएफ हाईवे पर उसावां थाना क्षेत्र के मंगल बाजार के पास एक ट्रक ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
मृतक की पहचान करौरी सैदपुर गांव निवासी 38 वर्षीय नन्हे उर्फ कुंदन पुत्र लटूरी के रूप में हुई है। नन्हे मजदूरी करने के बाद बाजार से खरीदारी कर अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। मंगल बाजार के पास पहुंचते ही गन्ने से भरे एक ट्रक ने उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही उसावां थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।
प्रभारी निरीक्षक वीरपाल सिंह ने बताया कि ट्रक चालक फरार है और उसकी तलाश की जा रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। नन्हे उर्फ कुंदन की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

