बदायूं में प्रेमी युगल ने खाया जहर; पुलिस और परिजनों को देखकर उठाया कदम, अस्पताल में भर्ती

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में पुलिस लाइन चौराहे पर शाहजहांपुर से फरार एक प्रेमी युगल ने पुलिस और प्रेमिका के परिजनों को सामने देखकर जहर खा लिया। दिनदहाड़े हुई इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी फैल गई। पुलिस ने तत्काल दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां उन्हें एक निजी अस्पताल ले जाया गया।
शाहजहांपुर के कलान थाना क्षेत्र के एक गांव से प्रेमी-प्रेमिका 30 दिसंबर 2025 से फरार थे। प्रेमिका के पिता ने कलान थाने में युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस तभी से दोनों की तलाश कर रही थी। तलाश के दौरान पुलिस टीम बदायूं पहुंची और पुलिस लाइन चौराहे पर प्रेमी-प्रेमिका को रोक लिया। पुलिस और परिजनों को सामने देखकर दोनों घबरा गए। उन्होंने जहर खा लिया।
दोनों की हालत बिगड़ने लगी। पुलिसकर्मियों ने दोनों को तुरंत जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया। वहां हालत नाजुक बताई। हालांकि पुलिस और प्रेमिका के परिजन इस मामले पर कुछ भी कहने से बचते दिखे। बताया जा रहा है कि जिला अस्पताल में कुछ समय इलाज के बाद प्रेमी-प्रेमिका ने अपनी मर्जी से छुट्टी ली। इसके बाद उन्हें एक कार से निजी अस्पताल ले जाया गया। ऐसी भी चर्चा है कि पुलिस और परिजनों की मौजूदगी में ही उन्हें अस्पताल से छुट्टी दिलाकर ले जाया गया था।
पुलिस जांच में सामने आया है कि प्रेमिका नाबालिग है। वह प्रेमी के साथ शादी करने के इरादे से घर से भागी थी। पुलिस को देखकर दोनों ने यह आत्मघाती कदम उठाया। घटना के बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *