बदायूॅं जनमत। मंगलवार सुबह एक किसान की करंट लगने से मौत हो गई। किसान अपनी आलू की फसल में पानी लगाने खेत पर गया था, तभी यह हादसा हुआ।
वज़ीरगंज थाना क्षेत्र के गांव दौलतपुर निवासी ओमवीर सिंह (44 वर्ष) पुत्र रामपाल सिंह सुबह अपनी आलू की फसल की सिंचाई के लिए खेत पर गए थे। खेत में उन्होंने पड़ोसी के ट्यूबवेल को चालू करने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि हाल ही में हुई बारिश के कारण खेत की जमीन गीली थी। इसी दौरान ट्यूबवेल से जुड़े बिजली के तार या स्विच में करंट आ गया, जिसकी चपेट में ओमवीर सिंह आ गए। करंट का झटका इतना तीव्र था कि ओमवीर सिंह की मौके पर ही मृत्यु हो गई। जब काफी समय तक ओमवीर घर नहीं लौटे, तो परिजन चिंतित हो गए। तलाश करते हुए परिजन खेत पर पहुंचे, जहां उन्होंने ओमवीर का शव ट्यूबवेल के पास पड़ा देखा।
परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। वजीरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।




