बदायूॅं जनमत। सदर तहसील परिसर में बुधवार दोपहर एसआईआर (SIR) नोटिस की सुनवाई के लिए पहुंचे 55 वर्षीय अधेड़ व्यक्ति की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
थाना सिविल लाइंस क्षेत्र के मंडी समिति निवासी सत्यपाल पुत्र बिहारीलाल दोपहर करीब तीन बजे सदर तहसील पहुंचे थे। परिजनों के अनुसार, उन्हें एसआईआर का नोटिस मिला था, जिसकी सुनवाई के लिए वे घर से निकले थे। सुनवाई के दौरान ही उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई और वे बेहोश होकर गिर पड़े। घटना से तहसील परिसर में अफरातफरी मच गई। मौके पर मौजूद तहसील कर्मियों और अधिकारियों ने तुरंत सत्यपाल को संभाला और आनन-फानन में जिला अस्पताल भिजवाया। हालांकि, चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
एसडीएम सदर मोहित सिंह ने बताया कि सत्यपाल ने बेचैनी और सीने में दर्द की शिकायत की थी, जिसके बाद वे बैठते चले गए। उन्हें अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी मौत हो गई। सदर कोतवाल संजय सिंह ने जानकारी दी कि परिजनों ने अभी तक कोई तहरीर नहीं दी है। शुरुआती तौर पर मौत का कारण हार्ट अटैक माना जा रहा है, लेकिन वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही स्पष्ट हो पाएगी।

