बदायूॅं जनमत। सैदपुर स्थित नूरी रज़ा मेमोरियल कालेज में आगामी हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में सम्मिलित होने वाले छात्र-छात्राओं के लिए एक भव्य विदाई समारोह (फेयरवेल) का आयोजन किया गया। इस मौके पर जूनियर छात्रों ने अपने सीनियर साथियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें स्मृति चिह्न और उपहार भेंट किए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विद्यालय के अध्यक्ष जाहिद हुसैन कुरैशी ने छात्र-छात्राओं को अपनी दुआओं से नवाज़ते हुए कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता केवल कड़ी मेहनत और अटूट लगन से ही लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। इसलिए अच्छे से तैयारी करें उन्होंने बच्चों को पूरे आत्मविश्वास के साथ परीक्षा में बैठने के लिए प्रेरित किया। प्रधानाचार्य एस एच कुरैशी ने विद्यार्थियों को परीक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण तकनीकी जानकारियां दीं और तनावमुक्त होकर प्रश्नपत्र हल करने के गुर सिखाए। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं और एक रोचक सवाल-जवाब प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का सफल संचालन इकरार हुसैन ने किया। इस गौरवमयी क्षण के दौरान अनूप सक्सेना, रश्मि शर्मा, अब्दुल वाहिद हुसैन, फिरोज़ खां समेत विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा। कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों को मिष्ठान वितरित कर उनके सफल भविष्य की कामना की। इस दौरान छात्र छात्राओं की आंख छलक आई और अपने जूनियर से विदा ली।

