बदायूं में करंट लगने से सराफा कारोबारी जितेन्द्र महाजन के बेटे की मौत

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। सोमवार दोपहर एक सराफा कारोबारी के 22 साल के बेटे आदित्य महाजन की करंट लगने से मौत हो गई। वह सिविल लाइंस कोतवाली के डीएम रोड स्थित पार्किंग में कैमरे ठीक करा रहे थे।
करीब 1:30 बजे कैमरे के बोर्ड से निकल रहे तार से उनका हाथ छू गया। तेज करंट लगने से आदित्य मौके पर ही बेसुध होकर गिर पड़े। आसपास के लोग उन्हें तुरंत डॉक्टर के पास ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
आदित्य ऑल इंडिया ज्वैलर्स एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष जितेंद्र महाजन के बेटे थे। बेटे की अचानक मौत से परिवार में मातम छा गया। खबर मिलते ही व्यापारी और सराफा कारोबारी उनके रघुवीर नगर स्थित आवास पर पहुंचने लगे। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव गुप्ता और व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष नवनीत गुप्ता समेत कई व्यापारी नेताओं और पदाधिकारियों ने परिवार को ढांढस बंधाया और शोक जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *