बदायूॅं जनमत। बिनावर थाना क्षेत्र में एक खुला नाला मासूम बच्ची के लिए काल साबित हुआ। नाले में गिरने से दो वर्षीय बच्ची की मौत हो गई।घटना रविवार सुबह ग्राम पंचायत पुठी सराय में हुई। बच्ची की पहचान गंगाधर की बेटी नंदिनी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, नंदिनी घर के पास खेल रही थी और खेलते-खेलते खुले नाले तक पहुंच गई। अचानक वह नाले में गिर गई। काफी देर तक किसी का ध्यान उस पर नहीं गया, जिससे वह डूब गई। जब नंदिनी काफी समय तक दिखाई नहीं दी, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान वह नाले में पड़ी मिली। परिजनों ने उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना के बाद परिवार ने पुलिस को सूचना नहीं दी और शव का पोस्टमार्टम कराने से भी इनकार कर दिया। बच्ची की मौत के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि खुला नाला हादसों का कारण बन रहा है और पहले भी लोग इसमें गिर चुके हैं। इसके बावजूद नाले को ढकने या सुरक्षित बनाने के लिए कोई कदम नहीं उठाया गया है। ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से नाले को सुरक्षित कराने की मांग की है।

