अलापुर चेयरमैन पति गिरफ्तार; ई-निविदा में ईओ के फर्जी हस्ताक्षर कर तिथियां प्रभावित करने का आरोप

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। अलापुर नगर पंचायत में ई-निविदा की तिथियां प्रभावित करने के आरोप में चेयरमैन के पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर अधिशासी अधिकारी के स्कैन हस्ताक्षर लगाकर कूटरचित पत्र जारी करने का आरोप है। यह कार्रवाई करीब ढाई महीने बाद की गई है।
अलापुर पुलिस ने 24 दिसंबर को अधिशासी अधिकारी त्रिवेंद्र कुमार की तहरीर पर मामला दर्ज किया था। तहरीर में आरोप लगाया गया था कि नगर पंचायत अलापुर की चेयरमैन हुमा बी, उनके पति फहीमुद्दीन और लिपिक गार्गी गुप्ता ने मिलकर एक कूटरचित पत्र तैयार किया। आरोप है कि इस पत्र पर ईओ के स्कैन हस्ताक्षर कंप्यूटर के माध्यम से लगाकर उसे आधिकारिक दस्तावेज के रूप में जारी कर दिया गया। इससे 14वें और 15वें वित्त आयोग के तहत आमंत्रित ई-निविदाओं की प्रक्रिया प्रभावित हुई।
ईओ त्रिवेंद्र कुमार ने बताया मूल पत्र संख्या और तिथि से अलग एक नया पत्र जारी कर निविदा आमंत्रण की तिथियों में बदलाव दर्शाया गया था, जिससे कार्य प्रक्रिया में बाधा उत्पन्न हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
विवेचना के दौरान अभिलेखों, पत्रावली और संबंधित कर्मचारियों से पूछताछ की गई। करीब ढाई महीने की जांच के बाद पुलिस ने फहीमुद्दीन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार चेयरमैन हुमा बी और लिपिक गार्गी गुप्ता की भूमिका की जांच अभी जारी है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फाइल फोटो – अलापुर चेयरमैन पति फहीम उद्दीन : जनमत एक्सप्रेस।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *