बाल्टी के पानी में डूबकर मासूम की मौत; गांव में तलाशते रहे परिजन, बाथरूम में मिला शव

उत्तर प्रदेश

बरेली जनमत। पानी भरी बाल्टी में डूबकर 15 महीने के मासूम बच्चे की मौत हो गई। घटना रविवार शाम उस वक्त हुई, जब मासूम बाल्टी के पास खेल रहा था। काफी देर बच्चा न मिलने के बाद परिजन उसे गांव में तलाश रहे थे, लेकिन उसका शव बाथरूम में मिला। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।
दुनका क्षेत्र के गांव ठिरिया कल्यानपुर निवासी इंतजार अहमद ने बताया कि रविवार को परिवार के सभी लोगों ने रोजा रखा था। शाम के वक्त सभी लोग रोजा इफ्तार रहे थे। उनका 15 महीने का बेटा याशर घर के आंगन में खेल रहा था। इसी दौरान वह बाथरूम में पानी भरी बाल्टी के पास पहुंच गया और पानी से खेलने लगा। किसी तरह वह औंधे मुंह बाल्टी में गिर गया। पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। परिवार के लोग काफी देर तक गांव में बच्चे की तलाश करते रहे, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। जब परिजन ने घर के बाथरूम में जाकर देखा तो मासूम याशर बाल्टी में मृत मिला।
बच्चे का शव देखकर घर में चीख-पुकार मच गई। उसकी मां फरीन का रो-रोकर बुरा हाल है। याशर दो बच्चों में सबसे छोटा था। सोमवार को सुबह बच्चे को सुपुर्द खाक कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *