राजस्थान जनमत। भिवाड़ी के जिला अस्पताल में एंबुलेंस से एक साथ 7 शव पहुंचने से हड़कंप मच गया। अचानक इतने शव अस्पताल पहुंचने से वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि ये शव भिवाड़ी के एक निजी अस्पताल से जिला अस्पताल लाए गए हैं।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, भिवाड़ी से सटे हरियाणा क्षेत्र में श्रमिक एक हादसे का शिकार हो गए। बताया जा रहा है कि कापड़ीवास मोड़ के पास मिट्टी ढहने से यह बड़ा हादसा हुआ। इस घटना में कई मजदूर मलबे में दब गए। फिलहाल 7 शव जिला अस्पताल लाए गए हैं, जबकि आशंका जताई जा रही है कि इस हादसे में और भी श्रमिकों की मौत हो सकती है। सभी मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
घटनास्थल पर पहुंचे श्रमिकों के परिजन, मची अफरा तफरी…
बताया जा रहा है कि कुछ घायलों को भिवाड़ी के अलावा अन्य अस्पतालों में भी भर्ती करवाया गया है। वहीं स्थानीय लोगों का आरोप है कि पूरे मामले में प्रशासन की ओर से लापरवाही बरती जा रही है। फिलहाल घटनास्थल पर राहत और बचाव का काम जारी है और मिट्टी में दबे लोगों को निकालने का प्रयास किया जा रहा है।
डीसीपी दीपक कुमार ने फोन पर बातचीत के दौरान बताया कि यह बड़ी और सनसनीखेज घटना शाम करीब 7 बजे हुई थी, लेकिन कंपनी ने इसकी जानकारी जिला प्रशासन को लगभग 9:30 बजे दी। इतनी बड़ी लापरवाही क्यों हुई, इसकी जांच की जा रही है। इसी देरी के कारण मजदूरों का रेस्क्यू करीब ढाई घंटे बाद शुरू हो सका। यदि जिला प्रशासन को समय पर सूचना दी जाती, तो मजदूरों को बचाने की संभावना ज्यादा हो सकती थी।

उधर हरियाणा के गुरुग्राम स्थित बिलासपुर थाना क्षेत्र के सिधरावली में सिग्नेचर ग्लोबल की निर्माणाधीन परियोजना में सोमवार रात एक बड़ा हादसा हो गया। निर्माणाधीन सोसाइटी की दीवार ढहने से सात मजदूरों की दबने से मौत हो गई। इस दुखद घटना में कई मजदूर घायल भी हुए हैं।
10 मजदूरों के दबे होने की बात…
घायल मजदूरों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की टीमें मौके पर पहुंच गईं। उन्होंने मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालने का काम तुरंत शुरू कर दिया। घटनास्थल पर एम्बुलेंस भी बुला ली गई थीं ताकि घायलों को जल्द से जल्द चिकित्सा सहायता मिल सके। हालांकि, एक अन्य रिपोर्ट के अनुसार, इस हादसे में पांच मजदूरों की मौत की खबर है। दस लोगों के अभी भी मलबे में दबे होने की आशंका जताई गई है। पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं और पूरे मामले की गहनता से जांच कर रहे हैं। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह हादसा किस कारण हुआ। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। यह घटना सोमवार रात को हुई थी।

