बदायूॅं जनमत। श्रीराम बारात के अवसर पर पूर्व मंत्री आबिद रज़ा ने मढ़ई चौक पर पुष्प वर्षा कर बारात का भव्य स्वागत किया। नगर पालिका परिषद की ओर से लगाए गए स्वागत शिविर में पहुंचकर उन्होंने बारात में शामिल झांकियों पर भी फूल बरसाए। इस दौरान श्रीराम बारात के स्वागत और नगर पालिका की ओर से की गई व्यवस्थाओं की चर्चा रही। बारात मार्ग पर बिछाई गई रेड कारपेट मैटिंग आकर्षण का केंद्र बनी रही।
बता दें नगर पालिका परिषद की ओर से श्रीराम बारात के स्वागत और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक तैयारियां की गई थीं। बारात जिन मार्गों से होकर गुजरी, वहां रेड कारपेट मैटिंग बिछवाई गई। पालिकाध्यक्ष फात्मा रज़ा की ओर से साफ-सफाई सहित अन्य व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया गया। बारात मार्ग की सजावट और स्वच्छता को लेकर लोगों ने सराहना की। पूर्व मंत्री आबिद रज़ा ने अपने कार्यकाल में श्रीराम बारात के मार्ग पर मैटिंग बिछवाने की परंपरा शुरू कराई थी। यह परंपरा आज भी जारी है। इस बार भी बारात मार्ग पर रेड कारपेट मैटिंग बिछाए जाने से आयोजन की भव्यता बढ़ी। मढ़ई चौक पर आबिद रजा द्वारा पुष्प वर्षा कर बारात और झांकियों का स्वागत किए जाने से माहौल उत्साहपूर्ण रहा।
बारात मार्ग की सड़कों पर बने गड्ढों को पहले ही भरवाया गया था, ताकि बारात के आवागमन में किसी तरह की परेशानी न हो। सड़क के दोनों किनारों, प्रमुख चौराहों और मंदिरों के आसपास चूने का छिड़काव कराया गया। साथ ही प्रकाश और पेयजल की व्यवस्था पर भी ध्यान दिया गया। नगर पालिका की ओर से की गई व्यवस्थाओं का उद्देश्य श्रीराम बारात को स्वच्छ, व्यवस्थित और आकर्षक वातावरण में संपन्न कराना रहा।
इस मौके पर सभासद ग्रीश शुक्ला, अनवर खां, ओमवीर सिंह यादव, हार्षित यादव, बब्लू, प्रिंस मेहंदीरत्ता, कौसर खां, अजहर सिद्दीकी, ब्रहमपाल यादव, कार्यालय अधीक्षक सूर्य प्रकाश सक्सेना, सचिन सक्सेना, नवैद इकबाला गनी आदि मौजूद थे।

