बदायूं में पत्नी से झगड़े के बाद पति ने खाया विषाक्त पदार्थ, उपचार के दौरान मौत

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। पत्नी से झगड़े के बाद युवक ने विषाक्त पदार्थ खा लिया, जिसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला ब्रह्मपुर कश्यप वाली गली निवासी 30 वर्षीय शिवकुमार साहू का पिछले चार-पांच दिनों से अपनी पत्नी से विवाद चल रहा था। बताया जाता है कि विवाद लगातार बढ़ता जा रहा था। इसी तनाव से परेशान होकर शिवकुमार साहू ने रविवार शाम घर में रखा विषाक्त पदार्थ खा लिया। कुछ ही देर में उसकी हालत बिगड़ने लगी तो परिजनों को घटना की जानकारी हुई। आनन-फानन परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए राजकीय मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। परिजन उसे तुरंत राजकीय मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *