5.30 करोड़ की स्मैक के साथ बदायूं का शोभित गिरफ्तार; पंजाब की पार्टी को देनी थी सप्लाई, पुलिस ने दबोचा

अपराध

बरेली जनमत। सुभाषनगर थाना पुलिस ने लगभग 2.645 किलोग्राम अवैध स्मैक के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 5 करोड़ 30 लाख रुपये बताई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 27 वर्षीय शोभित गुप्ता के रूप में हुई है, जो बदायूं के मूसाझाग थाना क्षेत्र के ग्राम सैजनी का रहने वाला है। शोभित गुप्ता के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2.645 किलोग्राम अवैध स्मैक पाउडर, एक मोबाइल फोन सहित 560 रुपये नकद बरामद किए हैं।
एसपी ग्रामीण मुकेश चंद्र मिश्र ने बताया, पुलिस को सूचना मिली थी कि बरेली-बदायूं हाईवे से एक व्यक्ति बड़ी मात्रा में स्मैक लेकर किसी पार्टी को देने आने वाला है। इस सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम रौंधी जाने वाले मार्ग पर एक पाकड़ के पेड़ के पास घेराबंदी की। तलाशी के दौरान शोभित गुप्ता के पास से 2.645 किलोग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसके बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। कार्रवाई के दौरान आरोपी का एक रिश्तेदार मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।

फूफा के साथ मिलकर करता था तस्करी…

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह स्मैक की सप्लाई पंजाब और आसपास के इलाकों में करता था और इस धंधे से उसे अच्छा मुनाफा होता था। वह और उसका फूफा मिलकर स्मैक तस्करी का काम करते हैं। इस बार वह पंजाब से आने वाली एक पार्टी को स्मैक की यह खेप सप्लाई करने वाला था। उसने यह भी बताया कि सौदा तय हो चुका था और पार्टी उसी स्थान पर उससे मिलने वाली थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *