मानदेय न मिलने पर रोजगार सेवक ने खाया जहर; जिम्मेदारों ने दिया शासकीय निर्देशों का हवाला

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। लंबे समय से मानदेय का भुगतान न होने पर आर्थिक रूप से प्रताड़ित एक रोजगार सेवक ने जहर खा लिया। मानदेय न मिलने से परेशान ग्राम दौलतपुर के रोजगार सेवक नक्षत्रपाल सिंह ने विषैला पदार्थ खा लिया। इस घटना के बाद क्षेत्र के रोजगार सेवकों में रोष व्याप्त है और उन्होंने प्रशासन से जल्द मानदेय भुगतान की मांग की है।
बरेली के एक निजी अस्पताल में दो दिन के उपचार के बाद नक्षत्रपाल सिंह की हालत में सुधार बताया जा रहा है। हालांकि, इस घटना ने रोजगार सेवकों की गंभीर आर्थिक परेशानियों को उजागर किया है। उनके साथियों का कहना है कि लंबे समय से मानदेय का भुगतान न होने के कारण रोजगार सेवक गंभीर आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं, जिससे उनमें भारी नाराजगी है।
शनिवार को विकास खंड आसफपुर मुख्यालय पर रोजगार सेवकों ने प्रदर्शन किया। उन्होंने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी व्यक्त करते हुए तत्काल मानदेय भुगतान की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि उनकी समस्याओं का समाधान समय रहते किया गया होता तो यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना नहीं होती। इस संबंध में खंड विकास अधिकारी आसफपुर राकेश चन्द्र निराला ने बताया कि मानदेय भुगतान को लेकर उनके स्तर पर कोई निर्णय लेना संभव नहीं है। उन्होंने शासन के आदेशों का हवाला देते हुए कहा कि भुगतान की प्रक्रिया शासन से निर्देश मिलने के बाद ही आगे बढ़ाई जा सकती है।
वहीं रोजगार सेवकों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही उनके मानदेय का भुगतान नहीं किया गया तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *