बदायूॅं जनमत। सड़क किनारे एक ट्रक चालक का शव मिला है। पुलिस जहां इसे प्रारंभिक तौर पर सड़क हादसा मान रही है, वहीं परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। परिवार ने दो लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
घटना अलापुर थाना क्षेत्र के जगत गांव के पास हुई। बिनावर थाना क्षेत्र के नौशना गांव निवासी 30 वर्षीय शिव सिंह पुत्र पूरन लाल का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद किया गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और सड़क हादसे की आशंका जताते हुए मामले की जांच शुरू की। परिजनों का आरोप है कि जगत गांव के दो व्यक्तियों ने शिव सिंह को बुलाया था। वे उसे ट्यूबवेल पर ले गए, जहां शराब पिलाई गई और फिर उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस फिलहाल दोनों पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है।
शिव सिंह के बहनोई अर्जुन ने बताया कि शिव सिंह ट्रक चलाकर आढ़त पर माल लाता था, जहां उसकी मुलाकात जगत गांव के उन दो व्यक्तियों से हुई थी। अर्जुन के अनुसार, उन्हीं दोनों व्यक्तियों ने घर आकर शिव सिंह की सड़क हादसे में मौत की सूचना दी थी। हालांकि, शव के सिर पर धारदार हथियार के निशान पाए गए, जिससे परिवार को हत्या की आशंका है। परिजनों ने यह भी बताया कि सूचना देने के बाद वे दोनों व्यक्ति मौके से फरार हो गए।
थानाध्यक्ष उदयवीर सिंह ने इस मामले पर जानकारी देते हुए बताया कि युवक की मौत सड़क हादसे में हुई है। उन्होंने बताया कि पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और परिजनों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


