बदायूं में बारिश के दौरान मकान की छत गिरी; महिला की मौत, बेटा-बेटी घायल

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। बिसौली कस्बे के गदरपुरा मोहल्ले में शनिवार रात एक मकान की छत भरभराकर गिर गई, जिसके मलबे में दबकर 32 वर्षीय महिला अरवीन की मौत हो गई जबकि उसके दो बच्चे घायल हो गए। उसके मकान की छत कच्ची थी। हादसे के दौरान बरसात भी हो रही थी। मोहल्ले के लोगों ने मलबा हटाकर महिला और उसके बच्चों को बाहर निकाला। दोनों बच्चों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गदरपुरा मोहल्ला निवासी बंटू सैफी हरियाणा में मजदूरी करता है। घर पर उनकी पत्नी अरवीन, बेटी अलसिफा (13) और बेटा अनस (6) रहते हैं। शनिवार की रात अरवीन अपने दोनों बच्चों के साथ मकान में सो रही थी। रात करीब तीन बजे बारिश हो रही थी। उसी दौरान अचानक मकान की छत भरभराकर गिर गई, जिसके नीचे मां, बेटे और बेटी दब गए। छत गिरने की आवाज सुनकर मोहल्ले के लोग जाग गए। वह तुरंत दौड़कर आ गए और उन्होंने मलबा हटाकर उन्हें बाहर निकाला लेकिन तब तक अरवीन की मौत हो गई। घायल बेटी और बेटा को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसकी सूचना पर बंटू हरियाणा से बदायूं आने के लिए रवाना हो गया है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।     

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *