ग्राम समाज की भूमि से हटवाएं अवैध कब्जा, DM-SSP ने सम्पूर्ण समाधान दिवस में दिया आदेश

उत्तर प्रदेश

बदायूँ जनमत। ब्लॉक कादरचौक के ग्राम ललुआ नगला में ग्राम समाज की दो बीघा ज़मीन पर दबंगों का कब्जा होने की शिकायत मिलने पर डीएम ने कड़ा रुख अपनाते हुए तहसील एवं पुलिस के अधिकारियों को निर्देश दिए कि मौका मुआयना कर तत्काल अवैध कब्जा हटवाया जाए और दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्यवाही अमल में लाई जाए।
शनिवार को तहसील सदर में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में डीएम अवनीश राय व एसएसपी अंकिता शर्मा ने अन्य जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ जनशिकायतोें को सुनकर उनका निस्तारण के निर्देश दिए। सम्पूर्ण समाधान दिवस में ब्लॉक कादरचौक के ग्राम ललुआ नगला निवासी अमर सिंह पुत्र सालिगराम ने शिकायत की है कि गांव में दो बीघा ग्राम समाज की भूमि पर चन्द्रपाल, सीलेन्द्र, हुकुम सिंह, नौनिहाल तथा भूरे घूरा कूड़ा डालकर अवैध कब्जा किए हुए हैं। मना करने पर दबंगई दिखाते हैं। डीएम ने निर्देश दिए कि इस प्रकरण में त्वरित कार्यवाही अमल में लाई जाए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के मौके पर डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शिकायतों के निस्तारण में शिकायतकर्ता की संतुष्टि आवश्यक है, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने बताया कि शासन स्तर से भी निस्तारण की गुणवत्ता के संबंध में फीडबैक लिया जाता है इसलिए अधिकारी पूरी गंभीरता से निस्तारण करें।
संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर राजस्व विभाग की 31, पुलिस 03, विद्युत 04, ब्लॉक, सीडीपीओ, समाज कल्याण एवं नगर पालिका की 01-01 तथा अन्य 02 शिकायतों सहित कुल 44 शिकायती पत्र प्राप्त हुए जिनमें से 04 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायती एवं प्रार्थना पत्रों का सम्बंधित अधिकारियों को गुणवत्तापरक व समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *