बदायूॅं जनमत। उसहैत थाना क्षेत्र के गांव भंद्रा स्थित संविलियन विधालय में बीती रात अज्ञात चोरों द्वारा चोरी की गई थी। जिसके बाद स्कूल के प्रधानाध्यापक ने स्थानीय थाने पर मुकदमा पंजीकृत कराया था। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए 24 घंटे के अंदर चोरी का खुलासा कर दिया। साथ ही चोरी के सामान समेत दो आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार, उसहैत क्षेत्र के गांव भंद्रा स्थित संविलियन विद्यालय के प्रधानाध्यापक हेमचन्द्र सिंह ने अज्ञात चोरों के विरूद्ध संविलयन विद्यालय के कमरे का ताला तोडकर कमरे में रखे दो भगोने (एल्यूमीनियम) मय एक ढक्कन, एक छोटी टंकी स्टील की, एक बाल्टी स्टील की, एक गैस सिलेण्डर इण्डेन को चोरी कर ले जाने के सम्बन्ध में मुकदमा पंजीकृत कराया था।
रविवार को मुखबिर द्वारा पुलिस को सूचना मिली कि दो संदिग्ध व्यक्ति मय चोरी के माल के कहीं जाने की फिराक में खडे थे। जिनसे सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने अपने नाम 1. अजमेरी उर्फ महरूल हसन पुत्र रहीशुल हसन (27 वर्ष), 2. शाकिर पुत्र समशाद (35 वर्ष)निवासी ग्राम भन्द्रा थाना उसहैत बताया। माल के सम्बन्ध में पूछने पर बताया कि अपने दो अन्य साथी इकलाख पुत्र इकरारूद्दीन व ताहिर पुत्र हसनूद्दीन के साथ संविलियन विद्यालय भन्द्रा में कमरे का ताला तोडकर चोरी किया था, जिसे कहीं बेचने को ले जा रहे थे। पुलिस ने दोनों आरोपितों और चोरी का सामान कब्जे में लिया और न्यायालय के समक्ष पेश किया।

