बदायूं में मौत का MRF सेंटर; हाईटेंशन लाइन तक पहुंचा कचरे का ढेर, लापरवाही से युवक की मौत

उत्तर प्रदेश

बदायूॅं जनमत‌। जिले की नगर पंचायत सैदपुर के एमआरएफ सेंटर पर रविवार सुबह कूड़े के ऊंचे ढेर पर चढ़कर कबाड़ बीन रहा 18 वर्षीय युवक ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट (हाईटेंशन) की बिजली लाइन की चपेट में आ गया। करंट लगने से युवक की मौत हो गई।

संभल जिले के लोकेंद्र सराय निवासी हबीब का पुत्र नदीम प्लास्टिक का कचरा और कबाड़ बीनकर परिवार का गुजर-बसर करने में मदद करता था। रविवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे वह सैदपुर डिग्री कॉलेज के पास स्थित एमआरएफ सेंटर पहुंचा था।

राहगीरों ने पहुंचाया था अस्पताल…

बताया गया कि कबाड़ बीनने के लिए वह कूड़े के ऊंचे ढेर पर चढ़ गया। इसी दौरान ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। तेज करंट लगने से वह बुरी तरह झुलस गया। हादसे के बाद राहगीरों की मदद से युवक को सीएचसी सैदपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के भाई सलमान ने उसकी पहचान नदीम के रूप में की। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन शव को अपने पैतृक गांव ले गए। जानकारी के अनुसार, परिजनों ने पुलिस को सूचना नहीं दी और शव का पोस्टमॉर्टम भी नहीं कराया।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल…

एमआरएफ सेंटर में कूड़े का ढेर हाईटेंशन लाइन के नीचे तक पहुंचने और वहां लोगों के कबाड़ बीनने से हादसा हुआ। घटना के बाद सेंटर की सुरक्षा व्यवस्था और 11 हजार वोल्ट की लाइन के आसपास पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं होने को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *